गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

डाॅक्टर सहित पांच के खि़लाफ़ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज

रिश्वत के आरोप में एक गिरफ़्तार

चंडीगढ़ : पंजाब के सतर्कता विभाग ने झूठी मेडिकल रिपोर्ट (एमएलआर) जारी करने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में एक सरकारी डाक्टर और उसके सहायक समेत कुल पाँच व्यक्तियों के खि़लाफ़ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। इस मामले में एक दर्जा-चार कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप गिरफ़्तार किया गया है। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में कुल पाँच मुलजिमों के खि़लाफ़ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें सिविल अस्पताल फ़िरोज़पुर में तैनात डाॅ शशि भूषण, उसका सहायक राम प्रसाद उर्फ छोटू, जो कि अस्पताल में दर्जा चार कर्मचारी है, के अलावा तीन आम व्यक्ति रेखा, उसका पिता शम्मी और माता आशा, सभी निवासी खटीक मंडी, फ़िरोज़पुर छावनी, शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में एक शिकायत की पड़ताल के दौरान पता लगा कि शिकायतकर्ता तरसेम का पत्नी रेखा के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें नौ जुलाई 2020 को उसके ससुर के परिवार की तरफ से उसके दाहिने हाथ की हड्डी और बायीं टांग की हड्डी तोड़ दी गई थी। इस सम्बन्ध में उसकी पत्नी रेखा, सास आशा, ससुर शम्मी और साला सोनू के खि़लाफ़ थाना सीटी फ़िरोज़पुर में केस दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने विजीलेंस ब्यूरो को बताया कि उसने 24 फरवरी 2021 को अपने मोबाइल फ़ोन की एप्लीकेशन द्वारा चेक किया था कि उसकी पत्नी रेखा और उसके उक्त पारिवारिक मेंबर उक्त दर्जा- चार कर्मचारी राम प्रसाद उर्फ छोटू को रिश्वत दे रहे थे, जिसने आगे डा. शशि भूषण को वह रिश्वत सुपुर्द की थी जिससे तरसेम ( शिकायतकर्ता) पर झूठा और फ़र्ज़ी केस दर्ज करवा के उसको उलझाया जा सके। मुलजिम छोटू इस मामले में उक्त डाक्टर के लिए रिश्वत लेने और उसको आगे देने के लिए बातचीत के द्वारा मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि इस झूठी एमएलआर के आधार पर उक्त तरसेम और उसके पिता रफीक के खि़लाफ़ पुलिस केस दर्ज करवा दिया गया। पड़ताल के दौरान सिविल अस्पताल फ़िरोज़पुर से प्राप्त रिकार्ड अनुसार उक्त एम. एल. आर. जाली पायी गई। शिकायतकर्ता ने राम प्रसाद छोटू और डा. शशि भूषण समेत अपने ससुराल परिवार के उक्त सदस्यों के विरुद्ध सबूत के तौर पर विजीलैंस ब्यूरो को एक सीडी सौंपी जिसमें उक्त मुलजिमों से मोटी रिश्वत लेकर जाली मैडीकल सर्टिफिकेट जारी करने का झूठ साबित हो गया।
उन्होंने आगे बताया कि विजीलैंस रेंज फ़िरोज़पुर की तरफ से जाँच के आधार पर उक्त सभी दोषियों के खि़लाफ़ मामला दर्ज करके कर्मचारी राम प्रसाद को गिरफ़्तार कर लिया गया है। बाकी मुलजिमों की गिरफ़्तारी के लिए ब्यूरो की तरफ से छापेमारी जारी है और केस की आगे जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *