नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को विशेषज्ञों की नियुक्ति को लेकर केंद्र पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि ये विशेषज्ञ दिल्ली सरकार का रोजमर्रा का काम देख रहे थे तो अब क्या उपराज्यपाल उनका काम करेंगे। आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 437 उच्च योग्य विशेषज्ञों के हाथों से रोजगार छीन रही है जो उसकी अक्षमता का संकेत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पुलिस कर्मियों की कमी है, वहीं रेलवे में लाखों पद खाली हैं। आप ने हाल ही में दिल्ली सरकार की ओर से नियुक्त 437 विशेषज्ञों को बर्खास्त करने के लिए केंद्र को जिम्मेदार बताते हुए केंद्र और उपराज्यपाल की कड़ी आलोचना की है।
