बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के शिकारपुर कस्बे में घर के बाहर सो रहे दंपत्ति की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि शिकारपुर कस्बा स्थित मोहल्ला लाल दरवाजा निवासी शब्बीर (44) अपनी पत्नी रिहाना (41) के साथ घर के दरवाजे पर चारपाई पर सोया था। देर रात में अज्ञात हमलावरों ने दंपत्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सूचना पर शिकारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची अैर दंपत्ति को इलाज के लिए सरकारी चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों में रिहाना को मृत घोषित कर दिया जबकि शब्बीर की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है जहां आज दोपहर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि शब्बीर के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। शुरुआती जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि वारदात के पीछे लेन देन का विवाद है जिसकी पुष्टि घायल शब्बीर के बच्चों ने की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
बुलंदशहर में दंपत्ति की हत्या
