भुवनेश्वर : ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नबा किशोर दास ने दावा किया कि आज तक ओडिशा पर कोविड का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा है और यह पूरी तरह नियंत्रण में है। कुछ देशों में कोविड संक्रमण में वृद्धि के मद्देनजर राज्य में कोविड की स्थिति की समीक्षा करते हुए श्री दास ने कहा कि निगरानी और परीक्षण पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिदिन छह हजार सैंपल की जांच की जाती है और उनमें से तीन से नौ कोविड पॉजिटिव केस सामने आते हैं। हम सकारात्मक मामलों के जीनोम का अनुक्रमण कर रहे हैं। आईसीएमआर के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में कोविड जांच की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
उन्होंने कहा कि जीनोम अनुक्रमण को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में,आईएलएस और आरसीएमआर में जीनोम अनुक्रमण किया जाता है, लेकिन जल्द ही यह एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक में भी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि स्थिति बिगड़ने पर हवाई अड्डों पर एहतियाती कदम उठाए जाएंगे। भुवनेश्वर के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें नहीं होने के कारण यात्रियों की जांच दिल्ली हवाईअड्डों पर की जाती है।
मंत्री ने कहा कि कोविड प्रबंधन के लिए विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पहले ही मॉक ड्रिल आयोजित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हॉकी विश्व कप को ध्यान में रखते हुए कटक, भुवनेश्वर, सुंदरगढ़ा, राउरकेला और झारसुगुड़ा में सभी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर कोविड टेस्टिंग के लिए व्यवस्था की जाएगी और मेडिकल टीम स्थिति पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन महीनों के लिए पर्याप्त दवाइयां, किट और ऑक्सीजन का स्टॉक करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोविड का ओडिशा पर कोई बड़ा प्रभाव नही
