गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाकपा माओवादी के दो शीर्ष ईनामी नक्सलियों का घर कुर्क

चतरा : झारखंड में चतरा जिला पुलिस ने झारखंड-बिहार के विभिन्न जिलों में आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सलियों के विरुद्ध एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शीर्ष ईनामी नक्सलियों का घर कुर्क कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि न्यायालय के निर्देश पर विभिन्न नक्सल मामलों में लंबे समय से फरार माओवादी के दस लाख के इनामी दुर्दांत नक्सली जोनल कमांडर अमरजीत उर्फ लखन यादव एवं पांच लाख के इनामी सब जोनल कमांडर संतोष भुईयां के घर को कुर्क किया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित चतरा पुलिस की स्पेशल टीम ने नक्सलियों के विरुद्ध यह विध्वंसक कार्रवाई की है। दोनों शीर्ष भाकपा माओवादी नक्सली हंटरगंज थाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में फरार हैं।
श्री कुमार ने बताया कि 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर अमरजीत यादव उर्फ लखन यादव के बिहार के गया जिला अंतर्गत बाराचट्टी थाना क्षेत्र में स्थित नकटिया गांव के गढ़ाईतरी टोला में स्थित घर को बाराचट्टी पुलिस के सहयोग से कुर्क किया गया है। वहीं, पांच लाख रुपए के इनामी संतोष भुईया के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के केवालिया गांव में स्थित घर में कुर्की जब्ती की कार्रवाई हुई है। उन्होंने बताया कि अमरजीत यादव हंटरगंज थाना कांड संख्या 16/2016 और संतोष भुईयां 156/2016 के दर्ज नक्सल मामले में फरार है। इसे लेकर न्यायालय के द्वारा दोनों नक्सलियों के चल संपत्ति को कुर्क करने का निर्देश पुलिस को प्राप्त हुआ था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि दोनों नक्सलियों के घरों पर हंटरगंज पुलिस के द्वारा पूर्व में इस्तिहार चिपकाकर न्यायालय में सरेंडर करने की अपील भी की गई थी। साथ ही इन इनामी नक्सलियों के परिजनों के माध्यम से भी पुलिस और सरकार के आत्मसमर्पण नीति के तहत हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल होने को लेकर दोनों फरार नक्सलियों को प्रेरित करने का भी प्रयास किया गया था। बावजूद दोनों फरार दुर्दांत नक्सली सरेंडर करने को तैयार नहीं हुए। जिसके बाद उनके घरों में कुर्की जब्ती करते हुए चल संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। नक्सलियों के घरों में लगे चौखट व दरवाजा समेत अन्य सामान को पुलिस ने जप्त कर लिया है।
गौरतलब है कि भाकपा माओवादी का इनामी जोनल कमांडर अमरजीत उर्फ लखन यादव एवं सब जोनल कमांडर संतोष भुईयां झारखंड और बिहार के चतरा, पलामू, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद व लातेहार समेत करीब एक दर्जन जिलों में सक्रिय है। और लगातार छोटी-बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती भी पेश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *