चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने जिलों में नये तहसील कॉम्पलेक्स का निर्माण करने तथा मौजूदा तहसीलों और उप तहसील कार्यालयों को सुधार करने के लिये 99.60 करोड़ रुपए जारी किए गए है। राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने सोमवार को यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि आम लोगों की सुविधार्थ राजस्व विभाग के काम को और सुचारू बनाने के लिए राज्य सरकार ने यह पहल की है।
उन्होंने कहा कि कई तहसील कार्यालय पुराने और ख़स्ताहाल भवनों में चल रहे हैं और वहां बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। उन्होंने बताया कि होशियारपुर ज़िले के हाजीपुर तहसील कम्पलैक्स के निर्माण हेतु 2.52 करोड़ रुपए, बठिंडा ज़िले की तीन उप तहसीलों गोनियाना, नथाना, बालियांवाली के लिये क्रमश: 1.04 करोड़, 1.47 करोड़ और 1.42 करोड़ रुपए, तलवंडी साबो तहसील के लिए 5.98 करोड़ रुपए, फरीदकोट ज़िले के जैतो तहसील कम्पलैक्स के प्रथम तल के निर्माण और भूतल की मरम्मत हेतु 98.98 लाख रुपए, फतेहगढ़साहिब जिले में बस्सी पठाणां में नये तहसील भवन हेतु 8.61 करोड़ रुपए, अबोहर में नये भवन के लिये 3.50 करोड़ रुपए, गुरू हरसहाय में नये तहसील भवन के लिये 6.19 करोड़ रुपए, कलानौर, सुल्तानपुर लोधी, फगवाड़ा और माछीवाड़ा में नई इमारतों के लिए क्रमश: 6.60 करोड़, 5.50 करोड़, 5.98 करोड़ और 44.96 लाख रुपए जारी किए गए है।
उन्होंने बताया कि मालेरकोटला ज़िले के अहमदगढ़ और अमरगढ़ में बनने वाले नए तहसील परिसर के लिए 9.42 करोड़ और 6.69 करोड़ रुपए, मोगा और समालसर उप तहसीलों के नये भवन निर्माण के लिए 1.71 करोड़ रुपए जबकि पटियाला के दूधन साधा तहसील कम्पलैक्स के लिए 5.38 करोड़ रुपए, चमकौर साहिब, चीमा( संगरूर), दिढ़बा और बनूड़ में नये भवनों के लिए क्रमश: 5.14 करोड़, 4.31 करोड़, 10.68 करोड़ और 3.05 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं।
इनमें से चीमा और दिढ़बा तहसील कम्पलैक्स का शिलान्यास स्वयं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मई 2023 में किया था। इसके अलावा राज्य के कई जिलों की तहसीलों/उप तहसीलों फरीदकोट, समाना, फिल्लौर, शाहकोट, कपूरथला, नकोदर, बटाला, रूपनगर, दीनानगर, मुक्तसर साहिब, जालंधर, पठानकोट का स्वरूप सुधारा जाएगा।
