जम्मू : सुरक्षा बलों ने सुंदरबनी नार्को-टेरर मामले का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है और इसमें शामिल मुख्य अपराधियों को ग्रेनेड के साथ जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से गिरफ्तार किया है। जम्मू स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने शुक्रवार को कहा, “पिछले 72 घंटों में सुंदरबनी नारकोटिक्स बरामदगी मामले के संबंध में सेना और पुलिस ने कई संयुक्त अभियान चलाये हैं तथा सीमा पार नार्को टेरर मॉड्यूल के तीन मुख्य संचालकों को पकड़ा है।”
पकड़े गए अपराधियों की पहचान देगवार तेरवन गांव निवासी शकर दीन तथा पुंछ जिले के कलास गांव निवासी राशिद और शफीर के रूप में की गयी है। उन्होंने कहा, “तलाशी अभियान में इन व्यक्तियों के कब्जे से दो ग्रेनेड भी बरामद किये गये।”
उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर से संचालित किये जा रहे जटिल सीमा पार नार्को-टेरर गठबंधन के लिए बड़ा झटका है। क्षेत्र में व्यापक संयुक्त तलाशी अभियान जारी है।
नार्को-टेरर मामले में ग्रेनेड के साथ अपराधी गिरफ्तार
