नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ट्रेड फेयर के अंतिम वीकेंड पर दिल्ली पवेलियन में जमकर भीड़ उमड़ी एवं लोग पेवेलियन के सभी स्टालों पर जमकर खरीदारी करते देखे गए। दिल्ली पवेलियन में बने अक्षरधाम मंदिर के साथ सेल्फी लेने का भी लोगों में जमकर क्रेज देखा गया। वहीं पवेलियन में रोज हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्टेज शो का भी लोगों ने लुत्फ उठाया।
42वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में दिल्ली सरकार के डीएसआईआईडीसी द्वारा आयोजित दिल्ली पवेलियन में दीपा गुप्ता के स्पॉटलाइट ऑन ट्रेंड्स के एस 16 स्टॉल पर आर्टिफिशियल ज्वैलरी लोगों को लुभा रहे हैं। दिल्ली के शहादरा से आई स्टॉल की संचालिका दीपा गुप्ता ने बताया कि हमारे स्टॉल पर मिक्स मेटल के ज्वैलरी, स्टोन ज्वैलरी , पेंडेंट्स, झुमका, कुन्दन, टीका आदि के मनमोहक डिजाइन के लोग मुरीद हो गए एवं जमकर खरीदारी कर रहे हैं। यहां पर 100 रुपए से लेकर 15000 रुपए तक के आर्टिफिशियल ज्वैलरी उत्पाद उपलब्ध हैं।
पवेलियन में नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन के स्टॉल पर दिल्ली के 10 जिलों के महिलाओं द्वारा बनाए उत्पाद भी आर्कषण का केंद्र है। ये महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप के हैं एवं अपने द्वारा बनाए गए उत्पाद को यहां प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए लाए हैं। स्टॉल संचालिका पूजा ने कहा कि यहां पर लोग श्री अनाज (मिलेट) के उत्पाद को विशेष पसंद कर रहे हैं, खासकर रागी के लड्डू लोगों को खूब भा रही है। यहां पर 30 रुपए के चॉकलेट से लेकर मधुबनी पेंटिंग वाली 4500 की साड़ी तक उपलब्ध है।
ट्रेड फेयर के अंतिम वीकेंड पर दिल्ली पवेलियन में उमड़ी भीड़
