गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

संस्कृति और वेशभूषा देश को जोड़कर रखती है

उज्जैन : मंगूभाई पटेल ने कहा कि भारत के हर राज्य की सांस्कृतिक, वेशभूषा और भाषा अलग-अलग होने के बावजूद यह देश को जोड़कर रखती है। पटेल आज यहां विक्रम विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयन्ती सभागार में आयोजित तेलंगाना राज्य के 9वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव उपस्थित थे।
राज्यपाल ने कहा कि हमारा देश ‘विश्वगुरू’ बनने के पथ पर अग्रसर है। अनेकता में एकता की हमारी पहचान है। लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल ने छोटी रियासतों का विलय कर स्वतंत्रता के समय राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राज्यों के एकीकरण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अलग-अलग प्रान्तों की मानसिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक विचारों का संगम ही राष्ट्रीय एकता को दर्शाता है। राज्यों के विकास से ही देश का विकास हो सकता है। अब भविष्य के लिये नये संकल्प लेने का समय आ गया है। आत्मनिर्भर बनते हुए हम देश को आगे ले जायेंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम हम सभी के लिये अनुपम और अनुकूल सौगात लेकर आया है। कुछ समय पहले मध्य प्रदेश सरकार द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के नाट्य का मंचन हैदराबाद में किया गया था। सम्राट विक्रमादित्य तेलंगाना में भी बहुत प्रसिद्ध हैं। इस तरह के आयोजन से हमारे देश की आन्तरिक एकता व शक्ति मजबूत होती है। तेलंगाना राज्य की स्थापना करने वाले बलिदानियों को हम नमन करते हैं। बहुत कम समय में ही तेलंगाना राज्य प्रगति के पथ पर बहुत आगे निकल चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *