गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

साईबर ठगी की रकम 6.93 लाख रुपए किये बरामद

जयपुर : राजस्थान में अलवर जिले के सदर थाना इलाके के लोहरवाड़ी गांव मे पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से दबिश देकर साइबर ठगी की रकम छह लाख 93 हजार 500 बरामद की हैं। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि लोहरवारी गांव निवासी मोबिन पुत्र इशाक नाम का युवक गैंग बनाकर साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना के सत्यापन में सामने आया कि लोहरवाड़ी गांव निवासी मोबिन, शाहरुख, एवं अख्तर एक गिरोह संचालित कर साइबर अपराध तथा सेक्सटॉर्शन के जरिए ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठते हैं। इस पर अलवर डीएसटी को साथ लेकर टीम लोहरवाड़ी गांव पहुंची। रास्ते में तीन युवक आते नजर आए, जिनमें से एक के कंधे पर बैग लटका हुआ था। पुलिस को देख तीनों मुड़कर भागने लगे। पीछा कर एक को पुलिस ने दबोच लिया, दो युवक भागने में सफल हो गए।
भागने वाले युवक के कंधे पर कपड़े का एक बैग था, जो मौके पर पटक कर भाग गया था, जिसमे कुल 6 लाख 93 हजार 500 रुपये थे। पकड़े गए युवक ने अपना नाम मुबीन पुत्र इशाक निवासी लोहरवाड़ी बताया। भागने वाले शाहरुख और अख्तर थे।
आरोपी को लेकर पुलिस टीम जैसे ही रवाना होने लगी तो काफी भीड़ मौके पर पुलिस की गाड़ी के सामने आ गई।

भीड़ ने पुलिस पार्टी के साथ हाथापाई कर काबू में किए आरोपी को जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार करवा दिया। फरार आरोपियों के पास कई एटीएम कार्ड, मोबाइल और नकदी होने की सीआईडी टीम को सूचना थी। मामले में थाना सदर जिला अलवर में ठगी, पुलिस कर्मियों से मारपीट, राज कार्य में बाधा से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *