नई दिल्ली : रोजमर्रा के उपभोग की चीजें और आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड ने बुधवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही में उसको 490.86 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ। यह एक साल पहले की तुलना में 2.85 प्रतिशत कम है। एक साल पहले इसी दौरान समेकित शुद्ध लाभ 505.31 करोड़ रुपये था।
आलोच्य तिमाही में हालांकि उसका समेकित परिचालन राजस्व छह प्रतिशत बढ़कर 2,986.49 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष इसी दौरान राजस्व 2,817.58 करोड़ रुपये था। कंपनी के एक बयान के अनुसार सितंबर तिमाही में डाबर इंडिया का कुल खर्च 8.94 फीसदी बढ़कर 2,471.28 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल यह 2,268.47 करोड़ रुपये था।
डाबर इंडिया लिमिटेड (डीआईएल) के निदेशक मंडल ने बिना आडिट किए तिमाही वित्तीय परिणामों पर विचार करने के लिए आज यहां बैठक की। कंपनी ने कहा है,“ अभूतपूर्व मुद्रास्फीति और उपभोग पर परिणामी प्रभाव से चुनौतीपूर्ण बने रहने वाले वातावरण में कंपनी अपनी मजबूती और जुझारुपन का प्रदर्शन जारी रखा है। ”
डाबर इंडिया लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित मल्होत्रा ने कहा, “ चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल एक चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि यह लोगों की क्रय शक्ति को प्रभावित करता है, पर हम त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ बिक्री में सुधार के शुरुआती लक्ष्यण देख रहे हैं। ”
डाबर का दूसरी तिमाही का लाभ 490.86 करोड़ रुपये
