नेशनल हाईवे-5 अवरुद्ध
शिमला : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के नाथपा में पहाड़ी दरकने से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-पांच एक बार फिर यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। सोमवार देर शाम को फिर पहाड़ी दरकने से वाहनों की आवाजाही ठप है। यातायात अवरुद्ध होने से किन्नौर जिले का संपर्क कट गया है। नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। आवाजाही बंद होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति के केलांग में -1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नाथपा में सोमवार शाम सवा पांच बजे पहाड़ी से भारी भूस्खलन और बड़े-बड़े पत्थर गिरने का सिलिसिला शुरू हो गया, जो मंगलवार को भी जारी रहा। एनएच बाधित होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मार्ग बाधित होने के कारण कल्पा, निचार और पूह सहित काजा और लाहौल स्पीति की ओर छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है।
हालांकि पानवी-प्लींगी-निचार वैकल्पिक मार्ग से केवल छोटे वाहनों की आवाजाही हो पा रही है। हजारों लोग छोटे वाहनों में करीब साढ़े छह किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर रहे हैं। खस्ताहाल इस सडक़ पर छोटे वाहन जोखिमों भरा सफर तय कर रहे हैं। वहीं नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने बाधित नेशनल हाईवे को बहाल करने के लिए मौके पर तीन जेसीबी मशीनें और 15 मजदूर तैनात किए हैं।
पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग बहाल करना चुनौती से कम नहीं है। उधर, नेशनल हाईवे प्राधिकरण रामपुर के एक्सईएन केएल सुमन ने बताया कि बाधित नेशनल हाईवे को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पहाड़ी से बार-बार भूस्खलन के कारण मार्ग बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है। जल्द एनएच को बहाल कर दिया जाएगा।
बीते वर्षों के मुकाबले इस बार प्रदेश में सर्दियों ने जल्दी दस्तक दी है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के बाद अब अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अंदर पश्चिमी विक्षोभ लगभग निष्क्रिय रहेगा, जिसके चलते प्रदेश में धूप खिले रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक केंद्र संदीप शर्मा ने बताया कि आने वाले 20 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान किसी भी इलाके में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में तापमान भी सामान्य चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक तापमान ऊना में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान जिला लाहौल स्पीति के केलांग में -1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जिला शिमला में भी 18.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है जो आम वर्षों के मुकाबले में सामान्य है।
