पार्किंग को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद हवा में गोलियां चली, एक गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली में पार्किंग को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। माना जा रहा है कि झगड़े के बाद दूसरे पक्ष को डराने के लिए फायरिंग की गई। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। 1 मिनट 22 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि एक गली में दो पक्षों की लड़ाई हो रही है। इतने में एक शख्स सामने आता है और गन निकालकर फायर करता है। फिर एक और व्यक्ति सामने आता है और फायर करने लगता है। एक के बाद एक चार फायर किए जाते हैं और पीछे से मारो-मारो की आवाज आती है। यह घटना सोमवार दोपहर को न्यू उस्मानपुर इलाके की है।
मुख्य आरोपी इस्लाम गिरफ्तार
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी इस्लाम को पकड़ लिया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है। उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में दिनदहाड़े फायरिंग
