जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित एक होटल के कमरे में एक विदेशी नागरिक का शव मिला है, जिसकी मृत्यु हृदयाघात के कारण होने की आशंका है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि होटल के एक कमरे में विदेशी व्यक्ति का शव मिलने की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुयी। उसे आज ही कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच की गयी। व्यक्ति की पहचान इटली निवासी मोरे फ्रांसिस्को के रूप में हुयी है। लगभग 70 वर्षीय यह व्यक्ति पिछले लगभग दस दिनों से होटल में रुका था और एक कंपनी में काम के सिलसिले में यहां आया था। सूत्रों ने कहा कि व्यक्ति की मृत्यु हृदयाघात के कारण होने की आशंका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामला विदेशी नागरिक से जुड़ा होने के कारण प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
