बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर नर्सिंग कॉलेज की एक छात्रा की हत्या कर फरार हुए उसके प्रेमी का शव आज नर्मदा नदी से बरामद कर लिया गया। बड़वानी की अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपरेखा यादव ने बताया कि कसरावद स्थित नर्मदा नदी के पुल से करीब दो किलोमीटर दूर गौतम धनगर का शव पाया गया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को जिला मुख्यालय के सुख विलास कॉलोनी स्थित एक किराए के कमरे में उसने 20 वर्षीय नर्सिंग कॉलेज की छात्रा नंदनी यादव की बेरहमी से हत्या कर दी थी और फरार हो गया था।
उसने अपने किराए के कमरे में उसे सहमति से ले जाकर उसके हाथ-पांव बांधे थे और गला दबाकर हत्या करने में असफल रहने के बाद मुंह में कंबल ठूंसकर हत्या कर दी थी और बाहर से ताला लगाकर नंदिनी का मोबाइल लेकर फरार हो गया था। उन्होंने मोबाइल रिकॉर्ड, व्हाट्सअप चैट और अन्य साक्ष्यों के बताया कि वे आपस में प्यार करते थे। घटना के बाद गौतम बड़वानी स्थित अपने निवास स्थान पर पहुंचा और उसने अपनी बहन को मोबाइल सौंपकर धामनोद स्थित अपनी दूसरी बहन के यहां चले गया था। वहां से लौटकर बड़वानी के समीप उसने छोटी कसरावद स्थित नर्मदा नदी के पुल से छलांग लगा दी थी। उन्होंने बताया कि हत्या और आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतक युवती के प्रेमी का शव नर्मदा नदी से बरामद
