गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लापता युवती का शव पेड़ से लटका मिला

महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के महोबकंठ क्षेत्र में रविवार को एक युवती का शव पेड़ में लटका हुआ पाए जाने से सनसनी फैल गयी। मृतका पिछले पांच दिनों से लापता थी। कुलपहाड़ की पुलिस उप अधीक्षक हर्षिता गंगवार ने बताया कि मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित सोरा गांव के बाहर एक खेत पर स्थित बेरी के पेड़ पर 20 वर्षीय युवती शव पाया गया जिसकी शिनाख्त भगवान दास की पुत्री अंजना के रूप में की गई है।

यह युवती गत 15 अगस्त की शाम अचानक अपने घर के दरवाजे से गायब हो गई थी। परिजनों द्वारा नाते रिश्तेदारियों एवम सम्भावित स्थलों में काफी खोजबीन के बावजूद उसका कहीं कोई पता नही लग सका। जिसके बाद पुलिस में युवती की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। उन्होने बताया कि भगवान दास के पुत्र देवीदीन ने सुबह शव को पेड़ में लटका हुआ देखा जब वह खेत पर काम करने गया था।

उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। सीओ गंगवार के मुताबिक यह स्पष्ट नही है कि युवती ने फांसी पर झूल आत्महत्या की अथवा उसकी हत्या कर शव को लटका दिया गया। मृतका का आगे कुछ समय उपरांत विवाह होना तय था। जिसके लिए परिवार में तैयारियां की जा रही थी। मृतका का पिता भगवानदास अपनी पत्नी जमुनी के साथ दिल्ली में रह कर मेहनत मजदूरी करता है। उसकी चार पुत्रियों की शादी हो चुकी है। अंजना गांव में अपने भाई के पास रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *