भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कजलोदिया गांव से एक मई को लापता हुये युवक का शव गांव के पास एक पेड़ से लटकता सडी गली अवस्था में पाया गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने मौत पर शंका जाहिर करते हुये पुलिस से जांच की मांग की। ऐसे में पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलवाकर साक्ष्य जुटाये वहीं मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया है। बनेड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र ताड़ा ने बताया कि कजलोदिया निवासी 60 वर्षीया नानू देवी पत्नी गिरधारी गुर्जर ने बनेड़ा थाने में 2 मई को रिपोर्ट दी कि उसका बेटा कैलाश गुर्जर 28 एक मई की दोपहर दो बजे बिना बताये बाइक लेकर घर से निकला जो देर शाम तक नहीं लौटा। उससे मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल भी स्विच ऑफ था।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। इसकी जांच एएसआई सुरेश कुमार के पास थी। पुलिस लापता कैलाश की उसके परिजनों के साथ संभावित स्थानों पर तलाश कर रही थी। इस बीच, आज कजलोदिया से करीब दो किलोमीटर दूर बंबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाये। इसके बाद शव को फंदे से उतरवा कर बनेड़ा अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के परिजनों ने कैलाश की मौत को संदिग्ध बताते हुये मांग की कि जिन लोगों ने कैलाश की मोबाइल पर अंतिम बार बात हुई, उनसे गहन पूछताछ की जाये। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपते हुये जांच शुरु कर दी।
लापता युवक का शव पेड से लटकता मिला
