कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के पास रविवार को पुलिस ने फांसी के फंदे से लटका एक युवक का शव बरामद किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार भरसवा गांव का विपिन (21) किसी बात से नाराज होकर चार दिन पहले घर से चला गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। आज ग्रामीणों से सूचना मिली कि जनता इंटर कालेज परिसर के पिछले हिस्से में बबूल के पेड़ से फांसी के फंदे में एक युवक का शव लटक रहा है।
सूचना पाकर पीड़ित के परिजन भी वहां पहुंचे। परिजनों ने शव फांसी के फंदे से नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जायजा लेने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी टेवा अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विपिन की मृत्यु किन परिस्थितियों में कैसे हुई उसका पता लग सकेगा।
