पीलीभीत : उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले की कलीनगर तहसील के अंतर्गत वन भूमि पर खड़ी गन्ने की फसल को काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली में लादने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर दबंगो ने हमला कर दिया। इस बीच ट्रैक्टर के कैच व्हील में फंसकर काफी दूर तक वनरक्षक घिसटता चला गया।
माधोटांडा पुलिस ने बुधवार को बताया कि बराही सेक्शन प्रभारी वन दरोगा वशिष्ट कुमार ने थाना माधोटांडा में दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि ग्राम मझारा स्थित वन भूमि पर लगा गन्ना काटकर कुछ लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहे हैं। वनरक्षक अभिषेक,संदीप मंडल,श्रमिक भरत कुमार के साथ बाइकों पर सवार होकर मौके पर पहुंच गए। वहां पर राजकीय संपत्ति घेाषित गन्ने की फसल को आरोपी काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहे थे। ऐसा करने से रोका तो फसल काटने वाले गाली गलौज करने लगे और जान से मारने की नीयत से हमला बोलते हुए कहा वनकर्मियों को मार डालो।
उसके बाद दो हमलावरों ने वनरक्षक अभिषेक को कुचलने की कोशिश करते हुए ट्रैक्टर के सामने फेंक दिया। ट्रैक्टर की कैच व्हील में फंसकर काफी दूर तक वनकर्मी घिसटता चला गया जिससे उसकी वर्दी भी फट गई और उसे गंभीर चोट आई। उसके बाद बाइक को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी तरह भागकर वनकर्मियों ने अपनी जान बचाई और विभागीय अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर माधोटांडा पुलिस ने मामले में चार नामजद व दो अज्ञात पर बलवा,जानलेवा हमला, सरकारी कर्मी पर हमला समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच कराई जा रही है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम लगाई है।
उन्होने बताया ग्राम मझारा ताल्लुके महाराजपुर के निवासी अंबर सिंह, अंकित सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, राना सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 307, 332, 353, 427, 504, 506 आईपीसी व सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला
