चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों के नाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखने का फ़ैसला लिया है। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को यहां बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में 80 प्रतिशत से ज़्यादा पंजाबियों ने बलिदान दिए हैं। देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखने और सरहदों की रक्षा करते हुए बड़ी संख्या में पंजाबियों ने बलिदान दिए हैं।
आज़ादी की 75वीं वर्षगाँठ के अवसर पर सरकारी स्कूलों के नाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखे जाने का फ़ैसला लिया है जिससे आने वाली पीढिय़ों को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बारे में पता लग सके। उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों के नाम शहीदों/ स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखे जाने हैं उनके लिए गाँव की पंचायत एवं विद्यालय प्रबंधक समिति द्वारा प्रस्ताव पारित कर शहीद/ स्वतंत्रता सेनानी सम्बन्धी जीवनी सम्बन्धी नोट और सरकार द्वारा उनकी शहादत सम्बन्धी दिए गए पदक के बारे में सूचना स्कूल के प्रिंसिपल के द्वारा अगले एक महीने के अंदर राज्य मुख्यालय को भेजा जाएगा। श्री बैंस ने कहा कि इस कार्यवाही की वह ख़ुद निगरानी करेंगे और 15 दिन बाद इसका ख़ुद मूल्यांकन करेंगे। मान सरकार की पहल से शहीदों/ स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से हमारे बच्चे मार्गदर्शन ले सकेंगे।
