गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रक्षा सचिव ने रक्षा प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा की

नयी दिल्ली : रक्षा सचिव अजय कुमार ने शनिवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में रक्षा प्रदर्शनी (डेफएक्सपो 2022) की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। रक्षा प्रदर्शनी का 12 वां संस्करण 18 से 22 अक्टूबर तक गुजरात के गांधीनगर में होने वाला है और यह इस मामने में काफी विशेष है कि इस बार यह विशेष रूप से भारतीय कंपनियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में विदेशी कंपनियों की भागीदारी नहीं होगी।
यह प्रदर्शनी गत मार्च में 10 से 14 तारीख तक होनी थी लेकिन रूस-कोरोना युद्ध के कारण विदेशी कंपनियों की आवागमन दिक्कतों को देखते हुए इसे टाल दिया गया था। अब अक्टूबर कें इसका आयोजन किया जा रहा है लेकिन विदेशी कंपनी इस बार इसमें भाग नहीं ले पा रही हैं। बैठक में गुजरात सरकार के मुख्य सचिव पंकज कुमार और राज्य सरकार के अधिकारियों तथा रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान रक्षा सचिव को प्रदर्शनी के लिए किये जा रहे प्रबंधों के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. कुमार ने अधिकारियों से स्वदेशी रक्षा प्लेटफार्मों और उत्पादों के व्यापार और निर्यात संवर्धन पर ध्यान केंद्रित करते हुए डेफएक्सपो को अत्यधिक सफल बनाने की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।
पहली बार यह प्रदर्शनी विशेष रूप से भारतीय कंपनियों के लिए आयोजित की जा रही है। इसके अलावा विभिन्न रक्षा उत्पादों के मूल कलपुर्जे बनाने वाली विदेशी कंपनियों , भारतीय सहायक कंपनियों, भारत में पंजीकृत कंपनी के प्रभाग, भारतीय कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम रखने वाली कंपनियों को भी भारतीय भागीदार माना जाएगा।
प्रदर्शनी का विषय ‘पाथ टू प्राइड’ है और यह भारतीय एयरोस्पेस तथा रक्षा विनिर्माण क्षेत्रों के लिए भारतीय और वैश्विक ग्राहकों के साथ साझेदारी करके देश को एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की सरकार की योजना के अनुरूप है। इसका उद्देश्य घरेलू रक्षा उद्योग की ताकत का प्रदर्शन करना तथा सरकार और राष्ट्र के ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ संकल्प को सशक्त बनाना है।
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ समारोह को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रदर्शनी एक लाख वर्ग मीटर से ज्यादा (पिछला संस्करण 76,000 वर्ग मीटर) के अब तक के सबसे बड़े क्षेत्र में लगायी जा रही है। इस दौरान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली द्वारा एक ड्रोन शो भी आयोजित किया जायेगा। अब तक एक हजार से अधिक कंपनियों ने पंजीकरण कराया है जो पिछले संस्करणों के दौरान अब तक की सबसे अधिक संख्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *