गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सड़क हादसे में घायलों का मुफ्त इलाज कराएगी दिल्ली सरकार : केजरीवाल

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )ने ‘फ़रिश्ते योजना’ को बंद कर दिया था लेकिन इसे फिर से शुरू किया जा रहा है जिसके तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति का इलाज मुफ़्त हो सकेगा।
श्री केजरीवाल ने आज कहा,“ फरिश्ते योजना को इन्होंने बंद कर दिया था, लेकिन उसे फिर से शुरू कर दिया गया है। जब भी कोई सड़क दुर्घटना होती है तो हमने अक्सर देखा है कि वह व्यक्ति सड़क पर ही दम तोड़ देता है। उसे कोई अस्पताल नहीं लेकर जाना चाहता, जिसके पीछे दो कारण हैं। पहला, लोगों को लगता है कि उनके ऊपर पुलिस केस हो जाएगा। दूसरा कारण है कि अगर कोई घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाता है तो डॉक्टर पहले उससे पैसे जमा करने के लिए कहता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,“दिल्ली सरकार की फरिश्ते योजना के इन दोनों समस्याओं का समाधान किया गया है। योजना के तहत आप घायल व्यक्ति को पास के किसी भी अस्पताल में भर्ती करवा दें। उसके इलाज का सारा खर्चा दिल्ली सरकार देती है। इस योजना के तहत हम अभी तक करीब 26 हजार लोगों की जान बचा चुके हैं।अब हमारी सरकार ने इस योजना को दोबारा शुरू करवा दिया है।”
उन्होंने कहा,“सच्चाई के रास्ते पर चलना आसान काम नहीं है। अगर हम भी पहले की सरकारों की तरह चलते तो यह सब नहीं कर पाते। कुछ लोग कहते हैं कि उनकी तो लड़ाई नहीं होती थी, लेकिन उन्होंने कुछ काम भी तो नहीं किया था। अगर हम भी उन्हीं की तरह कुछ काम न करें और बैठे रहें तो संघर्ष ही नहीं होगा। मनीष सिसोदिया ने स्कूल ठीक किए, इसीलिए वह जेल गए। सत्येंद्र जैन ने मोहल्ला क्लीनिक बनाए, इसीलिए वह जेल गए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *