नई दिल्ली : दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को कहा कि केजरीवाल सरकार विंटर एक्शन प्लान के तहत सात अक्टूबर से सात नवंबर तक एंटी डस्ट कैंपेन चलाएगी। राय ने अपनी अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक के बाद आज कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों की वजह से वायु प्रदूषण में लगातार सुधार हो रहा है।
दिल्ली सरकार द्वारा उठाए गए कदमो के कारण पिछले आठ सालों में दिल्ली के वायु प्रदूषण में 30 फीसद की कमी देखी गई है। सर्दियों के मौसम में होने वाले प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए 29 सितंबर को श्री केजरीवाल द्वारा 15 फोकस प्वाइंट पर आधारित विंटर एक्शन प्लान की घोषणा की गई थी। दिल्ली में वायु प्रदूषण में और सुधार लाने के लिए विंटर एक्शन प्लान के तहत हमारी सरकार 7 अक्टूबर से अगले एक महीने के लिए दिल्ली में एंटी डस्ट कैंपेन शुरू कर रही है।
उन्होंने कहा कि एंटी डस्ट कैंपेन के तहत पूरी दिल्ली में निगरानी को लेकर 13 विभागों की 591 टीमों की तैनाती की जा रही है। यह टीमें 24 घंटे दिल्ली में डस्ट प्रदूषण की घटनाओ की निगरानी और उसे रोकने का काम करेंगी। इसकी रिपोर्ट समय-समय पर पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी के साथ साझा की जाएगी।
