गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इलेक्ट्रिक बसों के मामले में दिल्ली नंबर वन

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी इलेक्ट्रिक बसों के मामले में अब देश भर में नंबर-1 बन गई है। केजरीवाल ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना के साथ मंगलवार को 400 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद संवाददाताओं से कहा कि आज दिल्ली के लोगों के लिए बहुत खुशी का दिन है। आज से दिल्ली की सड़कों पर 400 और ई-बसें उतरी हैं जबकि पहले से ही 400 ई-बसों दिल्ली की सड़कों पर चल रही थीं। अब आधुनिक और वातानुकूलित 800 ई-बसें दिल्ली की सडकों पर चलने लगी हैं। इसी के साथ दिल्ली देश का वह शहर बन गया है, जहां सबसे ज्यादा ई-बसें चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 तक दिल्ली सरकार की 1900 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर आ जाएंगी। दिल्ली 800 ई-बसों के साथ देश का सबसे ज्यादा ई-बसों वाला शहर हो गया है और 1900 ई-बसें आने के बाद दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में दिल्ली का नाम आएगा, जहां ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चलती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये इलेक्ट्रिक बसें सभी आधुनिक सुविधाएं से लैस हैं। सारी बसें वातानुकूलित हैं। दिव्यांग जनों के लिए रैम्प बना हुआ है। किसी दिव्यांग व्यक्ति को चढ़ाने के लिए जरूरत पड़ने पर पूरी बस झुक जाती है। बसों की स्टेपलेस बॉडी है, जिससे लोगों को सहूलियत होती। हर बस में तीन-तीन सीसीटीवी कैमरे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन है। कंट्रोल रूम के साथ हर बस का दोतरफा कम्युनिकेशन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *