गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आप विधायकों, कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस उनके विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, “पूरी दिल्ली में आप के निर्वाचित विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है, जो पार्टी कार्यालय आ रहे थे। यह क्या हो रहा है।”
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर लोकतांत्रिक असहमति को दबाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या अब देश में आपातकाल लग गया है और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन भी नहीं कर सकते? इस बीच आप नेता आतिशी मार्लेना ने दावा किया कि पूरी दिल्ली में भारी बैरिकेड लगाये गये हैं और आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।
आतिशी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “पूरी दिल्ली में भारी बैरिकेडिंग। आप कार्यकर्ताओं से भरी बसों को रोका जा रहा है। आप पार्टी कार्यालय के बाहर सैकड़ों अर्धसैनिक बल हैं। भाजपा चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर विरोध से इतनी डरी हुई क्यों है?” आप पार्टी के सूत्रों ने उनकी पार्टी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली को लेकर आज दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भाजपा के खिलाफ पार्टी के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *