खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मेन गांव थाना क्षेत्र में एक आदिवासी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में आदिवासी संगठनों ने आज ज्ञापन सौंपकर शराब ठेकेदार के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने तथा संबंधित विभागो के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को आज सायं सौंपे गए ज्ञापन में आदिवासी एकता परिषद खरगोन के अध्यक्ष सुभाष पटेल और जयस के जिलाध्यक्ष कोलू खोड़े ने रेटवां निवासी आदिवासी दिनेश कछवाये की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में शराब ठेकेदार के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसका लाइसेंस निरस्त करने के अलावा पुलिस व आबकारी विभाग के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उसके 5 बच्चों के भरण पोषण व शिक्षा की व्यवस्था किये जाने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठेकेदार की सहमति या निर्देश के उसके कर्मचारियों द्वारा नाकों पर चेकिंग संभव नहीं है। इसके अलावा इस तरह की गतिविधियों की संबंधित विभागों को जानकारी नहीं होना संदेह के घेरे में आता है।
उन्होंने 5 दिन में कार्रवाई नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस अधीक्षक डीएस यादव ने उन्हें बताया कि दिनेश की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, और विवेचना के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 17 जून की रात्रि 5 लीटर कच्ची शराब का परिवहन कर रहे एक आदिवासी दिनेश और उसके चाचा को रोककर शराब ठेकेदार के कर्मचारियों ने बुरी तरह से पीटा था जिसके चलते दिनेश की मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बिहार के 3 तथा मध्य प्रदेश के भिंड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
