गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिक्षा पाठ्यक्रम में मराठी को वैकल्पिक भाषा बनाने की मांग

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष कृपा शंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 10वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में छात्रों के लिये मराठी को वैकल्पिक भाषा के रूप में शामिल किये जाने की मांग की है। कृपा शंकर ने पिछले सप्ताह योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कहा कि उत्तर प्रदेश में माध्यिमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में मराठी को वैकल्पिक भाषा के रूप में शामिल करने से उन अनगिनत युवाओं को लाभ होगा जो हर साल महाराष्ट्र में रोजगार एवं बेहतर भविष्य की खातिर आते हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के रहने वाले सिंह ने महाराष्ट्र में अपने 50 साल के सार्वजनिक जीवन के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र आने वाले युवाओं को मराठी का ज्ञान नहीं होने के कारण खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दलील दी कि अगर उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के पाठ्यक्रम में मराठी को वैकल्पिक भाषा के रूप में शामिल कर लिया जायेगा तो इसका लाभ महाराष्ट्र में अपने करियर को संवारने का सपना संजाेने वाले नौजवानों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *