हिसार : हरियाणा में हिसार शहर की सर छोटूराम कॉलोनी में मंगलवार रात एक दुकानदार से चार बदमाशों ने 50 हजार रुपए की रंगदारी मांगी और दुकानदार ने रुपए देने से मना कर दिया तो उस पर फायरिंग कर दी हालांकि गोली काउंटर पर लगी एवं दुकानदार बाल-बाल बच गया।
पुलिस को दी गई शिकायत में सर छोटू राम कॉलोनी के निवासी बलबीर, जिन्होंने घर में ही दुकान बनाई हुई है, के यहां कल रात करीब नौ बजे चार युवक आए। उनमें क्रांति नगर निवासी सूरज व अरमान के अलावा दो अन्य युवक थे। सूरज ने 50 हजार की रंगदारी मांगी और कहा कि रुपए नहीं दिए तो जान से मार देंगे।
उन्होंने जब रुपए देने से इनकार कर दिया तो सूरज ने पिस्तौल निकाली और गोली चला दी। गोली काउंटर में लगी। गोली की आवाज सुनकर बलबीर की पत्नी और बच्चे वहां आ गये और शोर-शराबे से आसपास के लोग भी आ गये जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
