पुलिसकर्मी ने महिला को मारा थप्पड़
चंडीगढ़ : पंजाब के गुरदासपुर जिले में दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय महामार्ग के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण किये जाने का विरोध कर रहे किसानों के प्रदर्शन के दौरान कल एक पुलिसकर्मी ने एक महिला को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद आज विपक्षी कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने घटना की निंदा करते हुए पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उक्त महिला लखविंदर कौर ने मीडिया को बताया कि एक पुलिसकर्मी उनके पति जगीर सिंह को मार रहा था और उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए कहा, “इन्हें छोड़ दो। यह बीमार हैं,” जिस पर पुलिसकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। उन्होंने बताया कि उनके पति हृदय रोग से पीड़ित हैं और दो साल से उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी एक संतान भी छह वर्ष से बीमार है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी लगभग डेढ़ एकड़ जमीन समुचित मुआवजे के बिना अधिग्रहीत की जा रही है। इस बीच, बटाला पुलिस सूत्रों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है, विभागीय जांच के आदेश दिये गये हैं।
