सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में लोक निर्माण विभाग सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के अभियान में 18 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, लेकिन जिले की सड़कों में कोई भी सुधार नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता बालेंद्र सिंह ने हालांकि इस पर शुक्रवार को दावा किया कि सहारनपुर में सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त किए जाने के अभियान पर 18 करोड़ रुपए खर्च किया है। 784.54 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई गई है ओर 107.83 किलोमीटर सड़कों का काम 82 फीसद हो गया है। बाकी का भी जल्द ही पूरा करा लिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने हालांकि 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त किया जाने के बात कही थी। इस मामले की जब पड़ताल की गई तो यह तथ्य सामने आया कि जिले की कई सड़कों के गड्ढे अभी तक नहीं भरे गए हैं। हैरतअंगेज बात यह है कि राज्यमंत्री बृजेश सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र देवबंद की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। राज्यमंत्री के मुताबिक सड़कों की मरम्मत के टेंडर जारी किए हैं। जिन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। ग्रामीण सड़कों की हालत ज्यादा ही खराब है। ग्रामीणों ने अपने जनप्रतिनिधियों से इन सड़कों की बनी दुर्दशा को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है।
18 करोड़ रुपए खर्च के बावजूद गड्ढ़ामुक्त नहीं हुईं सड़कें
