गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

देवव्रत ने साबरमती आश्रम से साइकिल रैली को किया रवाना

अहमदाबाद : आचार्य देवव्रत ने शनिवार को अहमदाबाद में साबरमती आश्रम से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित साइकिल रैली को रवाना किया। देवव्रत ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पावन भूमि से शुरू हुई एनसीसी कैडेटों की यह साइकिल रैली जहां-जहां से गुजरेगी, उन क्षेत्रों के युवाओं में राष्ट्रभक्ति, समर्पण और लोक सेवा की भावना पैदा करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हम सभी ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। यदि भारत का प्रत्येक नागरिक एकता, समर्पण और राष्ट्र के प्रति प्रेम भाव से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा तो हम और अधिक तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। यह साइकिल रैली ‘आत्मनिर्भर भारत की यात्रा, स्वावलंबन की ओर…’ संदेश के साथ साबरमती आश्रम से दांडी तक प्रस्थान करेगी।
राज्यपाल ने‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण के लिए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई के दौरान स्वदेशी आंदोलन चलाया था और नमक सत्याग्रह किया था। इन दोनों आंदोलनों से लोगों में जोश और उत्साह का संचार हुआ था। उन्होंने कहा कि आज यदि अर्थव्यवस्था को और भी समृद्ध करना है और उद्योगों को प्रोत्साहित करना है, तो एक बार फिर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ाने के लिए सभी को आगे आना होगा। इस तरह आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने में हम अपना व्यक्तिगत योगदान दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि एनसीसी के युवा सदैव अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत रहे हैं, जिस देश के युवाओं में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र के लिए गर्व का भाव होता है, वह देश समृद्ध बनता है और उन्नति की दिशा में अग्रसर होता है। आचार्य देवव्रत जी ने साइकिल रैली में भाग ले रहे एनसीसी कैडेटों को बधाई देते हुए यह शुभकामनाएं व्यक्त की कि यह रैली अपने उद्देश्य में सफल रहे। एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल अरविंद कपूर ने साइकिल रैली का ब्यौरा देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और स्वावलंबन के संदेश को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए सात जनवरी से 14 जनवरी 2023 के दौरान साइकिल रैली आयोजित होगी।

25 युवा एनसीसी कैडेट 409 किलोमीटर की यात्रा तय कर दांडी स्थित राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह स्मारक एवं संग्रहालय में साइकिल रैली का समापन करेंगे। यहां साइकिल रैली मोटरसाइकिल रैली में मिल जाएगी। दांडी से दिल्ली तक मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से भारत की ‘सॉल्ट टू सॉफ्टवेयर’ यात्रा का उत्सव मनाया जा रहा है, जिसका समापन समारोह 28 जनवरी 2023 को दिल्ली में आयोजित होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी प्रेरक उपस्थिति रहेगी। इस साइकिल रैली को रवाना करने के अवसर पर एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक, कैडेट और साबरमती आश्रम के कर्मचारियों सहित नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *