चंपावत/नैनीताल : पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र चंपावत के मुडियानी में हिमालयन बास्केट प्रा.लि. कंपनी की ओर से स्थापित दुग्ध प्लांट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनसमूह को वर्चुअली संबोधित करते हुए कम्पनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुमित थपलियाल और उनकी धर्मपत्नी स्नेहा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इस अभिनव कार्य की शुरुआत वर्ष 2018 में की थी। इससे मातृशक्ति के सशक्तिकरण को बल मिलेगा। महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही वह आर्थिक रूप से मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए संकल्पबद्ध है और इसके लिए स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूह, उद्यान, कृषि, राफ्टिंग व नौकायन समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य किया जा रहा है। धामी ने कहा कि आज इस प्लांट के शुभारंभ से हम चंपावत को आदर्श बनाने की ओर एक कदम आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा की यदि हम योजनाएं बनाते हुए समयबद्ध होकर कार्य करें तो हम अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते है।
उन्होंने कहा कि आदर्श चंपावत बनाने के लिए हमे यहा हर क्षेत्र में आदर्श कार्य करना होगा और स्थानीय उत्पादों का उत्पादन के साथ ही बेहतर पैकिंग एवं मार्केटिंग करनी होगी। उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार की मंशा है कि जो भी व्यक्ति जिस क्षेत्र में कार्य करना चाहें उसे प्रोत्साहित करेंगे और सरकारी योजनाओं से अच्छादित करेंगे।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है और हर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर हिमालयन बास्केट कंपनी के एमडी ने उम्मीद जताई कि यह संयंत्र अपने मकसद में कामयाब होगा और लोगों को रोजगार मिल सकेगा। जिलाधिकारी नवनीत पाण्डे ने कहा कि हिमालयन बास्केट प्रा.लि. कंपनी का उद्यान विभाग के साथ 10 साल का अनुबंध है। इससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा।
धामी ने मुडियानी में दुग्ध प्लांट का किया शुभारंभ
