नई दिल्ली : जगदीप धनखड़ मंगलवार को राजस्थान के दौरे पर जायेंगे। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को यहां बताया कि राजस्थान के दौरे पर धनखड़ के साथ उनकी पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ भी साथ होगीं। एक दिवसीय दौरे में उपराष्ट्रपति करौली, भरतपुर और धौलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। करौली आगमन के बाद धनखड़ श्री महावीर मंदिर में दर्शन करने जायेंगे। उसके बाद वह गुडला पहाड़ी पहुंचकर कर्नल बैंसला जयंती महोत्सव में भाग लेंगे। तत्पश्चात उपराष्ट्रपति भरतपुर के लिए रवाना होंगे और लक्ष्मण मंदिर जाएंगे तथा दर्शन एवं पूजा अर्चना करेंगे। फिर वह भरतपुर बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मुलाकात करेंगे।
अपनी इस यात्रा के दौरान धनखड़ भरतपुर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद – सरसों अनुसंधान निदेशालय का भी दौरा करेंगे और संस्थान के कृषि वैज्ञानिकों के साथ संवाद करेंगे। वह सैनिक स्कूल के पूर्व छात्रों और सामुदायिक नेताओं से भी मुलाकात कर विमर्श करेंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति भरतपुर के यू.आई.टी. सभागार में एम.एस.जे. कॉलेज, आर.डी. गर्ल्स कॉलेज एवं अग्रसेन महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
उपराष्ट्रपति बाद में धौलपुर के लिए रवाना होंगे जहां मचकुंड मंदिर में दर्शन एवं पूजा अर्चना करेंगे और धौलपुर के राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, कैसरबाग में छात्रों- शिक्षकों को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री धनखड़ धौलपुर बार एसोसिएशन के सदस्यों और सैनिक स्कूल के पूर्व सदस्यों के साथ संवाद करेंगे।
धनखड़ मंगलवार को राजस्थान के दौरे पर
