गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल आईडी बनेगा

नैनीताल : उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में हर व्यक्ति का डिजिटल आईडी बनाने जा रही है। उसमें हर व्यक्ति का स्वास्थ्य संबंधी डाटा होगा। इसके साथ ही सरकार हर व्यक्ति को गांव स्तर तक ही स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की भी योजना बना रही है। रावत कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में शुक्रवार को स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति का स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल आईडी तैयार कर रही है। उसमें हर व्यक्ति को मेडिकल डाटा उपलब्ध रहेगा। इससे उपचार में सुविधा रहेगी। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को पांच लाख तक का मुफ्त उपचार दिया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में 1800 ‘वेलनेस सेंटर’ भी स्थापित कर रही है। इसमें सभी मेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा। साथ ही चिकित्सकों के लिये ब्लाक स्तर पर आवासीय सुविधा की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गांवों में स्वास्थ्य चौपाल लगायी जायेगी। रावत ने कहा कि आगामी 26 जनवरी से इसकी शुरूआत की जायेगी। गांवों में ही ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच व स्क्रीनिंग की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी को लेकर भी सरकार सजग है। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं। युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं।
इससे पहले समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सभी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे व बायोमिट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। यही नहीं उन्होंने आपातकालीन 108 सेवा के रिस्पांस टाइम को कम करने, मातृत्व मृत्यु दर को कम करने और सौ फीसदी संस्थागत प्रसव कराने के लिये भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।उन्होंने बैठक के दौरान कहा कि बहुत जल्द ही जिला स्तरीय अस्पतालों में ढांचागत सुविधायें, चिकित्सक, कर्मचारियों व लैब की कमियों को पूरा कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *