झुंझुनू : अशोक गहलोत द्वारा आज विधानसभा में पेश किए गए बजट में झुंझुनू जिले के लिए कोई विशेष घोषणा नहीं की गई। जिससे लोगों में निराशा व्याप्त है।
झुंझुनू जिले के अरड़ावता गांव में आयुर्वेद औषधालय, नवलगढ़ में सहायक निदेशक कृषि विस्तार का कार्यालय खोलने, सूरपुरा गांव में सामुदायिक भवन बनाने, झुंझुनू में सूक्ष्म सिंचाई योजना, झुंझुनू में मिनी फंड पार्क की घोषणा, खेमू की ढाणी (चिड़ावा) में कृषि मंडी की घोषणा, झुंझुनू में फल सब्जी मंडी की घोषणा की गई है। इसके अलावा जिले के लिए कोई बड़ी योजना शुरू करने की घोषणा नहीं की गई है।
श्री गहलोत ने 13 वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री रहते झुंझुनू जिले के दौरासर गांव में राजस्थान का पहला खेल विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की थी। जो इस बजट में भी पूरी नहीं हो पाई। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान उक्त खेल यूनिवर्सिटी को 31 करोड़ की लागत से खेल एकेडमी में बदलने की घोषणा की थी। मगर उनके कार्यकाल में भी इस पर कुछ कार्य नहीं हुआ।
