गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विचार विमर्श भारत की प्राचीन परंपरा का हिस्सा

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी ने विचार विमर्श को भारत के प्राचीन परंपरा का हिस्सा करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित हुई है। मोदी ने आज यहां जी-20 देशों के संसद अध्यक्षों के नौवें शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह उस भारत-भूमि पर हो रही है, जो लोकतंत्र की जननी है। यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि संसद बहस और विचार विमर्श का महत्वपूर्ण स्थान होती है। भारत में हज़ारों वर्ष पहले भी, बहस और विचार विमर्श के बहुत ही सटीक उदाहरण हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा,“हमारे करीब पांच हज़ार साल से भी पुराने ग्रंथों में, हमारे वेदों में, सभाओं और समितियों की बात कही गई है। इनमें एक साथ आकर समाज के हित में सामूहिक निर्णय लिए जाते थे। हमारे सबसे पुराने वेद ऋग्वेद में भी कहा गया है- संगच्छ-ध्वं संवद-ध्वं सं, वो मनांसि जानताम् । यानी हम एक साथ चलें, हम एक साथ बोलें और हमारे मन एक हों।”
उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन समय से ही ग्राम सभाओं में बहस के माध्यम से गांवों से जुड़े फैसले होते थे। मोदी ने यूनान के दूत मेगस्थनीज की भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के तमिलनाडु में नौवीं सदी का एक शिला-लेख है। इसमें ग्राम सभाओं के नियम और संहिताओं का उल्लेख है। लगभग 12 सौ साल पुराने शिलालेख पर लिखा हुआ है कि किस सदस्य को, किस कारण से, किस परिस्थितियों में अयोग्य किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ” मैग्ना कार्टा से भी पहले, 12वीं शताब्दी में भारत में “अनुभव मंटपा” की परंपरा रही है। इसमें भी बहस और चर्चा को प्रोत्साहनअदिया जाता था। “अनुभव मंटपा” में हर वर्ग, हर जाति, हर समुदाय के लोग अपनी बात के लिए आते थे। जगतगुरु बसवेश्वरा की ये देन आज भी भारत को गौरवान्वित करती है। पांच हजार साल पुराने वेदों से लेकर आज तक की ये यात्रा, संसदीय परंपराओं का ये विकास, सिर्फ हमारी ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की धरोहर है।”
प्रधानमंत्री ने भारतीय चुनाव प्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि समय के साथ भारत की संसदीय प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार हुआ है। ये प्रक्रियाएं और सशक्त हुई हैं। भारत में लोग आम चुनाव को सबसे बड़ा पर्व मानते हैं। वर्ष 1947 में आजादी के मिलने के बाद से अभी तक भारत में 17 वां आम चुनाव और 300 से अधिक राज्य विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।

भारत, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव ही नहीं कराता, बल्कि इसमें लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की चुनौतियों से निपटने के लिए जन-भागीदारी से बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। सरकारें बहुमत से बनती हैं, पर देश सहमति से चलता है। बहस और विचार विमर्श से इस दुनिया को बेहतर बनाने के प्रयास ज़रूर सफल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *