गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

व्यवसायी पक्षों में विवाद, नौ गिरफ्तार

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में दो व्यवसाई पक्षों में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चार लोगों के घायल होने के बाद दोनों पक्षों के नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उप पुलिस अधीक्षक कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि ठीकरी के व्यवसाई प्रशांत महाजन की शिकायत पर बड़वानी के व्यवसाई गिरिराज महाजन, आकाश महाजन व विनोद गहलोद समेत नौ नामजद तथा 10 अन्य लोगों के विरुद्ध बलवा व अन्य धाराओं के अंतर्गत तथा गिरिराज महाजन की शिकायत पर प्रशांत महाजन, राहुल महाजन व आशीष महाजन तथा अन्य 15 के खिलाफ मारपीट व वाहनों में तोड़फोड़ संबंधी धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल भी हुए हैं। बीती रात प्रकरण दर्ज कर गिरिराज महाजन व उसके 8 अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें आज अंजड़ न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरिराज और प्रशांत महाजन में जमीन की खरीद को लेकर पैसे के लेनदेन का विवाद था। कल गिरिराज पांच वाहनों में आधा दर्जन महिलाओं समेत करीब 30 लोगों को लेकर बड़वानी से 60 किलोमीटर दूर ठीकरी स्थित प्रशांत महाजन के गारमेंट्स शोरूम पर पहुंचा। चर्चा के दौरान विवाद आगे बढ़ने पर गिरिराज के साथ आए लोगों ने हमला बोल दिया। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की और ठीकरी स्थित अन्य लोगों को बुला लिया।
भीड़ ने बड़वानी से आए तीन वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। इसी दौरान ठीक पास स्थित ठीकरी पुलिस थाने का बल वहां पहुंच गया और भीड़ द्वारा गिरिराज महाजन व अन्य लोगों पर बड़ा हमला करने के पूर्व उन्हें सुरक्षित बचा कर थाने ले आया गया। उन्होंने बताया कि तीन वाहन जब्त किए गए हैं, जबकि दो वाहनों में कुछ लोग बैठ कर फरार हो गए। घटना के बाद ठीकरी थाना परिसर में सैकड़ों की संख्या में लोग तथा जन प्रतिनिधि उपस्थित हो गए। प्रशांत महाजन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन का भांजा है और ठीकरी में उसका गारमेंट्स का शोरूम है। उसकी पत्नी ठीकरी नगर परिषद में पार्षद भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *