अमृतसर : पंजाब सरकार ने ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला चुनाव अधिकारी सह उपायुक्त घनशाम थोरी ने जिला अधिकारियों को मतदाता सूचियों में सुधार कार्य को समय पूरा करने का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी आदेशों में कहा कि मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 20 दिसंबर, 2023 को किया जाएगा तथा वोटों से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 21 से 29 दिसंबर तक ली जाएंगी।
उन्होंने निर्देश दिये कि उक्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण पांच जनवरी, 2024 तक पूर्ण कर लिया जाये तथा तत्पश्चात् मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन सात जनवरी को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में सुधार करने के लिए राज्य चुनाव आयोग ने ब्लॉक अजनाला के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट अजनाला, ब्लॉक चौगावां और हर्षा छीना के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट लोपोके, ब्लॉक मजीठा के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट मजीठा, ब्लॉक राया और तरसिक्का के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट श्री बाबा बकाला साहिब, ब्लॉक जंडियाला गुरु के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट अमृतसर-1 और ब्लॉक अटारी और वेरका के लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट अमृतसर को चुनावी पंजीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सुधार के संबंध में दावे एवं आपत्तियां अपने-अपने प्रखंडों के मतदाता निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में दाखिल किये जा सकते हैं।
