राजकोट : रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेल की पटरियों के पास पतंग उड़ाने से बचें और रेलवे के हाई वोल्टेज ट्रैक्शन तारों से पतंग निकालने का प्रयास ना करें। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव जेफ की ओर से यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सर्व साधारण को सचेत किया जाता हैं कि पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट मंडल के सभी खंडो में रेलवे लाइन पर 25000 वोल्ट की ओवर हेड तार लगी हुई हैं।
यह देखने में आया है कि पतंग उड़ाने के धागे इस 25000 वोल्ट के तारों से उलझ जाते हैं। रेल कर्मचारी ट्रैक पर कार्य करते समय सावधान रहे ताकि इन धागों के संपर्क में नहीं आये। इसके कारण बिजली का झटका लगने से जान का खतरा बना रहता हैं। इसके अतिरिक्त जन साधारण भी रेलवे ट्रैक के नजदीक पतंग उड़ाते हैं और ओवर हेड तारों से पतंग निकालने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि रेलवे पटरी के पास पतंग उड़ाने से बचें और रेलवे के हाई वोल्टेज ट्रैक्शन तारों से पतंग निकालने का प्रयास न करें। उन्होंने सामाजिक हित को ध्यान में रखते हुए अन्य लोगों को भी अधिक से अधिक जानकारी देने की अपील की।
