गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अस्पताल में डॉक्टर-कर्मचारी पर हमला

चंडीगढ़ : पंजाब के फगवाड़ा में एक दुर्घटना के शिकार हुए लड़के की मौत के बाद एक डाक्टर व एक लैब टेक्नीशियन पर लोगों के हमले को लेकर नेता प्रतिपक्ष परताप सिंह बाजवा ने भगवंत सिंह मान सरकार की चिकित्सा बिरादरी का बचाव करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
श्री बाजवा ने यहां जारी बयान में कहा कि शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने के बाद एक 16 वर्षीय किशोर की फगवाड़ा अस्पताल में मौत हो गयी थी, जो दुर्भाग्यपूर्ण था लेकिन इसके बाद एक डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन को बुरी तरह पीटा गया। अस्पताल का समूचा स्टाफ जिसके विरोध में हड़ताल पर चला गया। भोलथ, सुल्तानपुर लोधी और कपूरथला में भी चिकित्सा स्टाफ फगवाड़ा में अपने पेशा साथियों के समर्थन में हड़ताल पर चला गया।
श्री बाजवा ने आरोप लगाया कि इस घटना का कारण मान सरकार और पुलिस का ऐसी पिछली घटनाओं के समय कार्रवाई न करना है। उन्होंने कहा कि सितंबर में जालंधर में आम आदमी पार्टी के विधायक के भाई ने समर्थकों के साथ सिविल अस्पताल में हंगामा किया था क्योंकि उन्हें मनचाही मेडिको लीगल रिपोर्ट नहीं मिली।

उन्होंने आपात चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरवीन कौर को धमकाया और अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। जालंधर पुलिस ने इस मामले में राजनीतिक दबाव में कोई कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब सरकार या पुलिस कार्रवाई से मना करे तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होगी ही। उन्होंने मांग की कि मान सरकार डॉक्टरों समेत चिकित्सा बिरादरी को संरक्षण दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *