आए दिन हादसे का शिकार हो रहे राहगीर, शिकायत के बाद भी जिम्मेदार मौन
सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां अधिकांश जगहों पर टूट गई हैं। नालियों पर रखे ढक्कन कमजोर निर्माण के चलते अपना अस्तित्व खो चुके हैं। कुछ मार्ग पर स्थिति काफी दयनीय है, जिसको लेकर वार्ड के लोग परेशान हैं।
वार्ड नंबर 2 आजाद नगर में टूटी हुई नालियां नगर पंचायत के सफाई व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। इन नालियों पर या तो अंदर की दीवार टूटी हुई है या फिर नाली का ढक्कन पूरी तरह से टूट कर निकल चुका है। इस पर आवागमन करना खतरे से खाली नहीं है। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों व महिलाओं को होती है।
नालियों में गिरकर आए दिन लोग होते हैं घायल
वार्ड नंबर 2 का एक मार्ग इटवा- डुमरियागंज से थाने की ओर जाता है। इस पर प्रतिदिन तमाम लोग आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर दो स्कूल भी संचालित हैं। सैकड़ों बच्चे विद्यालय जाते हैं। बीते कुछ दिनों के बीच इस मार्ग पर टूटी हुई नालियों में गिरकर कई लोग बुरी तरह चोटिल भी हो चुके हैं। कुछ दो पहिया और व चार पहिया वाहन भी नालियों में फंस कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके बाछ भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ईओ बोले-सर्वे कराकर समस्याओं का होगा समाधान
वार्ड निवासी अवधेश कुमार, राजेश गुप्ता, नफीस अहमद, मोहम्मद अशफाक, मलिक इरशाद, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि विगत दो महीने पूर्व इस मार्ग की नालियां कई जगहों पर टूट गई हैं। जाली व ढक्कन भी नालियों से गायब हैं। इसके मरम्मत के लिए नगर पंचायत प्रशासन से मांग किया गया, लेकिन अब तक किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। ठीक ऐसी ही समस्या इंदिरानगर वार्ड तक जाने वाले मुख्य मार्ग के अलावा कांशी राम नगर की भी है। ईओ अजय कुमार पांडेय ने कहा कि सर्वे करवाकर जिन वार्डों में समस्या है, ठीक कराया जाएगा।
सिद्धार्थनगर में नालियां जर्जर, ढक्कन भी टूटे
