नई दिल्ली: राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को देश की 15 वीं राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित किया गया है। वह विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को चुनावी मुकाबले में भारी मतों से हराकर देश के सर्वोच्च पद पर निर्वाचित हुई हैं। आदिवासी समुदाय से चुने जाने वाली वह देश की पहली राष्ट्रपति हैं। वह देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति हैं जिनका जन्म आजादी के बाद हुआ है।
राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी ने देर रात मतगणना पूरी होने के बाद श्रीमती मुर्मू को निर्वाचित घोषित किया। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को पहली प्राथमिकता वाले 2824 मत मिले हैं जबकि यशवंत सिन्हा को पहली प्राथमिकता वाले 1877 मत मिले हैं। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में 676803 मत जबकि यशवंत सिन्हा के पक्ष में 380177 मत रहे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए 528491 मत मूल्य की जरूरत थी जबकि द्रौपदी मूर्मू को इससे कहीं अधिक मत मिले हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए निर्वाचन अधिकारी की हैसियत से वह द्रौपदी मुर्मू को देश की नयी राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित करता हूं।
