चंडीगढ़ : पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को कहा कि मिनिस्टर्स फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा सरकारी बस से डीज़ल चोरी के मामले में एक और चालक को काबू किया गया है। भुल्लर ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड ने कल रात रवि ढाबा, नज़दीक सतनौर (ज़िला होशियारपुर) में चेकिंग के दौरान पठानकोट डिपो की बस नंबर पी.बी-06-ए.एस 8770 के चालक रजवंत सिंह को डीज़ल चोरी करते हुए रंगे-हाथों काबू किया। उसके पास से 22 लीटर डीज़ल बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा शहीद भगत सिंह नगर में की गई चेकिंग के दौरान शहीद भगत सिंह नगर डिपो की बस पी.बी-32-पी 3661 के कंडक्टर नीतीश कुमार को सवारियों से पैसे लेकर टिकट न देने के लिए रिपोर्ट किया गया है। कंडक्टर ने सवारियों से 325 रुपए तो वसूल लिए, परन्तु उनको टिकट नहीं दी थी।
इसी तरह रायपुर खलियान में चेकिंग के दौरान जालंधर-1 डिपो की बस नंबर पी.बी-08-सी.एक्स 8714 के कंडक्टर गुरजीत सिंह को भी सवारियों के साथ 60 रुपए की ठगी करने लिए रिपोर्ट किया गया है। मिनिस्टर्स फ्लाइंग स्क्वायड ने फग़वाड़ा में चेकिंग के दौरान पट्टी डिपो की बस नंबर पी.बी-46-एच 9304 को अनधिकृत रूट पर चलता पाया। परिवहन मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को हिदायत की है कि रिपोर्ट किए गए चालकों और कंडक्टरों के विरुद्ध तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
