गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में नशीले पदार्थो का अड्डा नष्ट

जम्मू : जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में प्रशासन एवं पुलिस ने अवैध व्यापार तथा भूमि कब्जा करने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुये अतिक्रमित भूमि को खाली कराया और साथ ही नशीले पदार्थों की आपूर्ति के ‘हॉटस्पॉट’ को नष्ट कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ दो दिवसीय कार्रवाई शुरू की और सांबा के बलोले इलाके में वर्ष 2017-18 जम्मू-कश्मीर उद्योग विभाग को हस्तांतरित की गयी 160 कनाल सरकारी जमीन खाली करा ली। उन्होंने बताया कि यह जमीन जिला प्रशासन ने 2017-18 में उद्योग विभाग को हस्तांतरित कर दी थी, लेकिन भू-माफियाओं ने इस पर कुल्लों (झोपड़ियों) का निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया, जो समय के साथ बढ़ता गया।
सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और कई मामलों में दर्ज निगरानीशुदा बदमाशों में से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय थे और हथियारों का प्रदर्शन करते देखे गए थे। इस मामले पर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने संयुक्त समीक्षा बैठक कर बलोले इलाके में औचक छापेमारी की। अतिक्रमणकारियों ने पुलिस और प्रशासन दलों पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया। इसी दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को बचाने की जद्दोजहद में महिला कांस्टेबलों सहित कम से कम नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए हवा में कुछ गोलियाँ चलाईं।
उन्होंने कहा कि दो दिन के कठिन प्रयास के बाद अतिक्रमण की गई जमीन को सफल विध्वंस अभियान के साथ खाली करा लिया गया और सांबा के उपायुक्त अभिषेक शर्मा और सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनय शर्मा की मौजूदगी में 160 कनाल जमीन खाली करा ली गई और उद्योग विभाग को सौंप दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *