जालंधर : पंजाब में जालंधर ग्रामीण जिला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 125 अलग-अलग मामलों में जब्त नशीले पदार्थों को जला कर नष्ट कर किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वर्णदीप सिंह पीपीएस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि जालंधर ग्रामीण जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट में जब्त नशीले पदार्थों को आज ग्रीन प्लांट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड बीह ग्राम नकोदर में जलाकर नष्ट कर दिया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2929 किलो 415 ग्राम चूरा पोस्त, नशीला पाउंडर एक किलो 849 ग्राम, हेरोइन 15 किलो 541 ग्राम, आइस सौ ग्राम, चरस एक किलो 440 ग्राम, गांजा 10 किलो 380 ग्राम, स्मैक आठ ग्राम, इंजेक्शन 184, नशीली गोलियां 30821, नशीले कैप्सूल 868, सीरिंज दो और 79 सूइयां शामिल थीं। इस मौके पर जिला जालंधर ग्रामीण ड्रग डिस्पोजल कमेटी के चेयरमैन स्वर्णदीप सिंह पीपीएस, वरिष्ठ पुलिस कप्तान जालंधर ग्रामीण श्री सरबजीत सिंह बाहियां उपस्थित थे।
