गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के आसार

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड 49 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किए जाने के एक दिन बाद आज यहां धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होने के आसार हैं जिससे इस सप्ताह की शुरुआत से ही झुलसा देने वाली गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह राजधानी में रविवार को कुछ स्थानों पर दर्ज किये गये अधिकतम तापमान से कम से कम पांच डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है। दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाये रहने, धूलभरी आंधी तथा गरज-चमक के साथ आंधी आने के आसार हैं। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है।

रविवार को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 49 डिग्री और 49.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे दिल्ली के इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गयी। दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से दिल्ली में लू के कहर में कुछ कमी आने के आसार हैं। बादल छाये रहने और गरज-चमक के साथ आंधी आने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। यहां सापेक्षिक आर्द्रता 21 प्रतिशत दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सोमवार को लू का असर रहेगा लेकिन मंगलवार के बाद इससे कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *