गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मध्यप्रदेश में भूकंप, जनहानि की कोई सूचना नहीं

भोपाल : मध्यप्रदेश के महाकौशल अंचल में आज सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति से जुड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अपर मुख्य सचिव (गृह) डॉ राजेश राजाैरा की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब पौने नौ बजे आए भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.3 थी। भूकंप प्रभावित क्षेत्रों जबलपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, उमरिया में कोई जनहानि या किसी प्रकार की संपत्ति से जुड़ी हानि की सूचना स्टेट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को ज़िला कंट्रोल रूम्स से नहीं प्राप्त हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह आठ बजकर 43 मिनट पर कुछ सैकंड के लिए भूकंप के झटके दर्ज किए गए। इसका अभिकेंद्र डिंडोरी जिले में बताया गया है। भूकंप के झटके डिंडोरी के अलावा जबलपुर, मंडला और आसपास के जिलों में भी महसूस हुए। संबंधित जिलों में प्रशासन ने ऐहतियातन आवश्यक कदम उठाए हैं।
जबलपुर में दो दशक पहले काफी तीव्रता वाला भूकंप आया था, जिसकी वजह से कई लोगों की जान गयी थी और सरकारी व निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा था। महाकौशल अंचल भूगर्भीय दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है और इस अंचल में एक निश्चित अंतराल के बाद भूकंपन महसूस किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *