फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना कस्बे के खेतों में ट्रांसफार्मर से तेल और बिजली की तारें चुराने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बार चोर गिरोह ने भूना क्षेत्र के खेतों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इससे पहले रतिया क्षेत्र के खेतों में भी बड़े पैमाने पर तारें और तेल चोरी की घटनाएं हुई थीं। पुलिस को दी गई शिकायत में धौलू गांव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उसके खेत में बिजली का ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर है। गुरुवार को ट्रांसफार्मर में से किसी ने करीब 100 लीटर तेल चोरी कर लिया। चाेरों ने गांव के ही छबीलदास के खेत के ट्यूबवेल का करीब 40 फुट तार, रमेश के खेत से करीब 60 फुट, संदीप के खेत से 50 फुट, नरसी के खेत से करीब 40 फुट और गांव घोटड़ू के बिंद्र के खेत से भी करीब 25 फुट बिजली के तार चोरी किये हैं। पुलिस ने महेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों का सुराग लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
