चंडीगढ़ : पंजाब के ऊर्जा एवं लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने रविवार को बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल) ने नौ सितम्बर को रिकॉर्ड 3427 लाख यूनिट (एल.यू) बिजली सप्लाई की, जबकि पूरा दिन बिजली की माँग लगभग 14,400 मेगावाट रही। यहाँ जारी प्रेस बयान में ऊर्जा मंत्री हरभजन सिंह ने बताया कि इस साल मॉनसून से पहले 23 जून को सबसे अधिक बिजली सप्लाई 3425 लाख यूनिट रही थी।
उन्होंने कहा कि अगस्त महीने के दौरान 63 प्रतिशत कम बारिश और सितम्बर महीने में अब तक बहुत कम बारिश होने के कारण बिजली की माँग कृषि, घरेलू और व्यापारिक वर्गों के उपभोक्ताओं के मामलों में ख़ासकर काफ़ी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि धान की फ़सल को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र को नियमित बिजली सप्लाई को यकीनी बनाया जा रहा है।
साल 2023 के बिजली उपभोग के आंकड़ों की साल 2022 के साथ तुलना करते हुए श्री सिंह ई.टी.ओ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान राज्य में गर्मी और उमस के कारण पिछले साल के इसी समय के मुकाबले बिजली का उपभोग आठ प्रतिशत से 12 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान अधिक से अधिक माँग 14,500 मेगावाट से 15,000 मेगावाट की रिकॉर्ड रेंज में रही है।
