गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भगवान श्री कृष्ण की नगरी द्वारका में मोदी का भावपूर्ण स्वागत

देवभूमि द्वारका : गुजरात के ओखा में बने सुदर्शन सेतु का लोकार्पण करने के बाद श्री कृष्ण की नगरी द्वारका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रविवार को जनसमूह ने ‘जय द्वारकाधीश’ के गगनभेदी जयघोष के साथ भावपूर्ण स्वागत किया।
द्वारका हेलिपैड से सड़क मार्ग से जगत मंदिर में भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन करने निकले श्री मोदी का मार्ग में जगह-जगह नागरिकों द्वारा अभिवादन किया गया। ओखा मंडल क्षेत्र की विशेष पहचान को उजागर करने वाले परम्परागत परिधानों से सुसज्जित ग्रामीणों के अलावा नगरजन भी मार्ग पर उनके स्वागत-सत्कार के लिए भारी संख्या में खड़े थे। कई महिलाएं गरबा नृत्य कर रही थीं, जबकि कृष्ण भक्ति के सुगम संगीत, ढोल और शहनाई की धुन के साथ खड़ा जनसमूह उनकी एक झलक देखने को आतुर था।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए मंच पर कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। प्रधानमंत्री ने भी नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े जनसमूह ने हर्षनाद के साथ उनका भगवान श्री कृष्ण की नगरी द्वारका में स्वागत किया। उनका काफिला जिन मार्गों से गुजरा वहां ‘जय द्वारकाधीश’ के गगनभेदी जयघोष की गूंज सुनाई दी।
इससे पहले द्वारका हेलिपैड में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, सांसद सी.आर. पाटिल, रमेशभाई धड़ुक, मुख्य सचिव राज कुमार, पुलिस महानिदेशक विकास सहाय और जिला कलेक्टर जी.टी. पंड्या सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *